जीवनसाथी चुनने से पहले चर्चा करने के 12 महत्वपूर्ण विषय (भाग-1)

यह बहुत ही व्यक्तिगत प्रश्न है। चूंकि अलग-अलग व्यक्तियों के विचार, जीवनशैली, प्राथमिकताएँ, पारिवारिक पृष्ठभूमि और अपने जीवनसाथी से अपेक्षाएँ अलग-अलग होती हैं, इसलिए यह प्रत्येक व्यक्ति पर निर्भर करता है कि वह अपना जीवनसाथी चुनते हुए किन बातों को सबसे महत्वपूर्ण समझता/समझती है।

लेकिन फिर भी, जीवनसाथी चुनते समय अपने संभावित जीवनसाथी से चर्चा करने के लिए कुछ सामान्य विषय नितांत आवश्यक होते हैं। जैसे –

  1. परिवार: भारत में शादी दो व्यक्तियों के साथ-साथ दो परिवारों के बीच भी संबंध जोड़ती है। दोनों ही परिवारों का विवाहित जोड़े के जीवन पर महत्वपूर्ण प्रभाव पड़ता है, चाहे वे परिवार के साथ रह रहे हों, या उनसे दूर। इसीलिए मैंने जीवनसाथी चुनते समय ध्यान रखने वाली बातों में परिवार को पहले स्थान पर रखा है।

आप अपने संभावित जीवनसाथी के परिवार, पारिवारिक मूल्यों, विचारधारा और आपसे अपेक्षाओं के बारे में जानने का प्रयास कर सकते हैं। संभावित जीवनसाथी के परिवार के बारे में ज्यादा-से-ज्यादा जानकारी आपको अपने लिए उपयुक्त जीवनसाथी चुनने में जरूर मदद करेगी।

  1. धन: धन महत्वपूर्ण होता है। आपको शादी से पहले और बाद में अपने परिवार की जरूरतों को पूरा करने के लिए धन की जरूरत होती है। अपने संभावित जीवनसाथी से वित्तीय चर्चा आपको सही निर्णय लेने में मदद कर सकती है। आपके संभावित जीवनसाथी की वर्तमान आर्थिक स्थिति, उनके खर्च, भविष्य की आय और बचत की योजना आदि का आकलन करना महत्वपूर्ण है।

नोट: इस विषय पर चर्चा करना आसान नहीं है। कुछ लोगों को धन से संबंधित प्रश्न बुरे लग सकते हैं या वे सोच सकते हैं कि सामने वाला लालची है। उदाहरण के लिए, आपके संभावित जीवनसाथी को यह महसूस हो सकता है कि आप इस तरह के प्रश्न दहेज मांगने के लिए पूछ रहे हैं या फिर इसलिए कि आपको किसी अमीर लड़के/लड़की से शादी करनी है। इसलिए, यह बहुत जरूरी है कि यह बात सही तरीके से प्रस्तुत की जाए।

    1. व्यक्तित्व: जीवनसाथी चुनते समय अपने संभावित जीवनसाथी के व्यक्तित्व (Personality) का आकलन करना भी बहुत जरूरी है। किसी के व्यक्तित्व में बहुत-सी चीजें शामिल होती हैं, जैसे-

दिखाई देने वाले लक्षण जैसे कद, स्वास्थ्य, वजन, शरीर का आकार, चेहरा, बात करने का तरीका, हाव-भाव, मुद्रा, पहनावा, प्रस्तुतीकरण, स्टाइल, हास्य-वृत्ति आदि।
– साथ ही कुछ जैविक लक्षण जैसे वंशानुगत गुण, रोग प्रतिरोधक क्षमता, आदि मिलकर भी किसी व्यक्ति का व्यक्तित्व बनाते हैं।
– इनके साथ कई छुपे हुए लक्षण भी होते हैं। इनमें से कुछ हैं- अनुकूलन क्षमता, गुस्सा, आत्मविश्वास, निर्णय लेने की क्षमता, ईमानदारी, बुद्धिमत्ता, वफादारी, संवेदनशीलता, समझदारी आदि।
बहुत से लोग किसी व्यक्ति के व्यक्तित्व को केवल दिखाई देने वाले लक्षणों के आधार पर ही निर्धारित करते है, लेकिन जीवनसाथी का चुनाव करने से पहले जैविक और छुपे हुए लक्षणों पर भी ध्यान देना बहुत जरूरी है।

    1. खानपान संबंधी आदतें: यह भारत में आज बहस का एक बहुत बड़ा विषय है, क्योंकि खानपान में विविधता बहुत बढ़ गई है। बहुत से भारतीय परिवारों में आज भी खाने पीने की पारंपरिक आदतों का सख्ती से पालन किया जाता है और संभावित बहू या दामाद से भी उनके पालन की अपेक्षा की जाती है। इसलिए आप इससे संबंधित प्रश्न पूछ सकते हैं, जैसे-

– आप शाकाहारी हैं या मांसाहारी?
– क्या आप भूमध्यसागरीय भोजन (सब्जी, फल, दालें, अन्न, मछली आदि अधिक मात्रा में और दूध, मांस आदि कम मात्रा में) लेते हैं?
– क्या आप प्राणी-जन्य खाद्य पदार्थ (जैसे शहद या दूध से बनी चीजें) खाते हैं या आप वीगन (केवल वनस्पतियों से प्राप्त आहार लेने वाले) हैं?
– क्या आप अंडे या मछली खाते हैं?
– क्या आप जैन भोजन (कंदमूल रहित) या स्वामीनारायण भोजन (प्याज-लहसुन रहित) लेते हैं?
– क्या आप सिर्फ हलाल माँस खाते हैं?

  1. सिगरेट/शराब की आदत: बहुत-से लोग सिगरेट या शराब नहीं पीते हैं, और यह चाहते हैं कि उनके जीवनसाथी को भी ऐसी आदतें न हों। साथ ही, कई लोग सिगरेट या शराब पीते हैं और चाहते हैं कि उनके जीवनसाथी भी सिगरेट या शराब के सेवन में उनका साथ दें। दोनों ही स्थितियों में, अपने संभावित जीवनसाथी की सिगरेट/ शराब की आदतों के बारे में जानना बेहतर होगा जिससे आगे चलकर आप दोनों को एक-दूसरे की स्मोकिंग (या नॉन स्मोकिंग) और ड्रिंकिंग (या नॉन ड्रिकिंग) की आदतों से कोई परेशानी न हो।

 

– क्या आपको लगता है कि शादी के लिए हाँ कहने से पहले इन विषयों पर चर्चा करने से फायदा होगा?

– आपके हिसाब से जीवनसाथी चुनने से पहले और किन विषयों पर चर्चा करना जरूरी होता है?

हमें नीचे कमेंट्स सेक्शन में जरूर बताएँ।

 

– इस ब्लॉग में हमने 12 में से 5 विषयों पर चर्चा की है। जीवनसाथी चुनने से पहले चर्चा करने के बाकी 7 महत्वपूर्ण विषयों पर पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें: जीवनसाथी चुनने से पहले चर्चा करने के 12 महत्वपूर्ण विषय (भाग-2)

To read this blog in English, click this link: 12 essential topics to discuss before choosing a life partner – Part 1